अयोध्या, 19 मार्च: औसेकर महाराज नाथ संस्थान औसा, लातूर (महाराष्ट्र) की ओर से अयोध्या में एक सप्ताह भर का धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 2100 अनुयायी रामनगरी पहुंचे हैं। यह अनुष्ठान 16 मार्च से प्रारंभ होकर 23 मार्च तक चलेगा। अनुयायियों ने 18 मार्च को गुरु महाराज के साथ प्रभु श्री रामलला के दर्शन किए। इसके पूर्व, प्रातःकाल तुलसी पत्र के साथ विधि-विधान से सहस्त्र नाम का उच्चारण किया गया।
समुदाय की उपासना पद्धति में चक्री भजन का विशेष महत्व है, जो औसा लातूर घराने की 260 साल पुरानी परंपरा है। इस परंपरा में भक्त चक्राकार घूमते हुए नाचते और गाते हुए भजन करते हैं।
इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत प्रतिदिन विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह 3 से 5:30 बजे तक कांकड़ भजन, 7 से 11:30 बजे तक ज्ञानेश्वरी पाठ, 12 से 1 बजे तक नाथ स्थापना पूजन एवं महाप्रसाद, 3 से 4 बजे तक हरिपाठ, 4 से 6 बजे तक भजन और 6 से 8:30 बजे तक गुरु बाबा औसेकर महाराज का चक्री भजन प्रमुख रूप से होते हैं।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से गणीनाथ औसेकर, गोरखनाथ महाराज, रविंद्रनाथ, गुरु बाबा औसेकर, श्रीरंग, और ज्ञानराज औसेकर सहित अन्य कई प्रमुख संतों और आध्यात्मिक नेताओं का योगदान है।